चंदौली में बीसी सखियों का प्रदर्शन:रुके मानदेय और राष्ट्रीयकृत बैंकों से जोड़ने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →चंदौली जिले में तैनात बीसी सखी समूह की महिलाओं ने मंगलवार को विशिष्ट कॉरेस्पोंडेंस महिला उत्थान समिति के बैनर तले कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी अधिकारी अमित मोहन सक्सेना को अपनी मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अधिकारी को अपनी समस्याएं भी बताईं। बीसी सखियों ने बताया कि उन्हें राष्ट्रीयकृत बैंकों से जोड़ने का सरकारी आदेश लागू हुआ था, लेकिन अभी तक उन्हें इससे नहीं जोड़ा गया है।
इसके अलावा, उन्होंने रुके हुए मानदेय का भुगतान करने और हर महीने 20 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की। उन्होंने बीसी सखियों को आयुष्मान योजना से जोड़ने और दो लाख रुपये का बीमा कवर देने की भी मांग की। बीसी सखियों ने बताया कि उन्हें रोजगार के लिए 75,000 रुपये का कर्ज दिया गया था। तीन साल बाद उन्हें बताया गया कि यह कर्ज 4% सालाना ब्याज पर दिया गया है।
अब बैंक उनसे वसूली का दबाव बना रहे हैं। जबकि शुरुआत में उन्हें यह नहीं बताया गया था कि यह पैसा ब्याज पर कर्ज के रूप में दिया गया है। उन्होंने मांग की कि इस रकम को सरकार माफ कर दे। उनका कहना था कि बीसी सखियां जमीन पर बैंकों की सरकारी योजनाओं को चलाने में मदद करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें आधार संशोधन का काम भी दिया जाए, ताकि सभी महिलाओं की आमदनी बढ़ सके।
साथ ही, उन्हें काम करने के लिए सरकार की तरफ से लैपटॉप भी दिया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी के जरिए मांग की कि उनकी 8 सूत्री मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि वे जमीन पर मजबूती से काम कर सकें। इस दौरान सूर्यकांती देवी, प्रमिला विश्वकर्मा, बिंदु देवी, प्रेमशिला मौर्य, शर्मिला गुप्ता, आराधना राय, लक्ष्मीना देवी, मंजू, ममता, रीना समेत कई बीसी सखियां मौजूद थीं।
📡 स्रोत: NewsData.io