चंदौली का पौरा गांव जलभराव से टापू बना,VIDEO:धान की फसल बर्बाद, ग्रामीण बोले- अधिकारियों की लापरवाही से हुए ऐसे हालात
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →चंदौली जिले का सकलडीहा ब्लॉक स्थित पौरा गांव बारिश और जलभराव के कारण टापू बन गया है। गांव के आसपास की धान की पूरी फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक अधिकारियों की लापरवाही से गांव के लोगों की यह हालत हुई है। आज भी गांव के लोगों को बाहर निकलने के लिए बारिश के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनमें काफी नाराजगी है।
पौरा गांव के रामाश्रय पाठक ने बताया कि उनके गांव के आसपास की धान की पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है। पूरा गांव टापू में बदल गया है, जिससे गांव के आसपास जहरीले जीव-जंतु आ गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जलभराव के कारण गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का भी डर है। दो तस्वीरें देखें हालांकि, एक दिन पहले कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और गांव में साफ-सफाई कराने का आश्वासन दिया था।
लेकिन, ग्रामीणों को आशंका है कि अधिकारी अपनी बातों पर खरे नहीं उतरेंगे। पौरा गांव के संतोष पांडेय ने बताया कि जलभराव की पूरी जिम्मेदारी वे ग्राम पंचायत के अधिकारियों को मानते हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में उन लोगों ने ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण गांव की हालत टापू जैसी हो गई है। उन्होंने बताया कि गांव का इलाका निचले स्तर पर है, इसलिए आसपास के कई गांवों से बारिश का पानी खेतों में जमा हो जाता है, जिससे धान की फसलें बर्बाद हो जाती हैं।
ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देकर नालियों की साफ-सफाई कराने की मांग की थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। संतोष पांडेय ने बताया कि नायब तहसीलदार मौके पर जांच करने आए थे और उन्होंने एक दिन बाद साफ-सफाई का इंतजाम कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, ग्रामीण अभी भी अधिकारियों की बातों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io