देश

चंदौली में प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने का दिया निर्देश,

लेखक: AIR Lucknow अंतिम अपडेट: 22 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
चंदौली में प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने का दिया निर्देश,

चंदौली के कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री व सूबे के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिले में अब तक वंचित रह गए सभी पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें तुरंत लाभान्वित किया जाए।

जल जीवन मिशन ('हर घर नल' योजना) के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया गया ताकि आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा जारी सड़क एवं सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें।

उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मानक जांच कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अन्य योजनाओं के बारे में भी बैठक में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत कड़ाई से अनुपालन कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

A
AIR Lucknow

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।