कल से चार दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष, प्रिंस एलोइस
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष, प्रिंस एलोइस कल चार दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 28 अक्तूबर तक भारत में रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी प्रिंसेस सोफी, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रिंस एलोइस के बीच बैठक होगी। इसमें व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचार साझा करेंगे।
युवराज एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगी। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर भी प्रिंस एलोइस से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से भारत और लिकटेंस्टाइन के बीच बढ़ते संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से, वर्ष 2025 में भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ, व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने के बाद दोनों देशों के संबंधों में प्रगति हुई है।
मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा से भारत और लिकटेंस्टाइन के संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी हित के नए क्षेत्रों में साझेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा।