चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर मतगणना जारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 27, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए आज मतगणना हो रही है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है।
चारों राज्यों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर मतगणना कराई जा रही है।इनमें उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना सात केंद्रों पर हो रही है। लखनऊ में रमाबाई रैली स्थल पर मतगणना की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में भी मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।