विदेश

ChatGPT के खिलाफ 8 अमेरिकी राज्यों ने किया मुकदमा, युवाओं को नुकसान पहुंचाने समेत कई आरोप

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ChatGPT के खिलाफ 8 अमेरिकी राज्यों ने किया मुकदमा, युवाओं को नुकसान पहुंचाने समेत कई आरोप

ChatGPT lawsuit: अमेरिका में चैट जीपीटी के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं. अमेरिका के आठ राज्यों ने ओपनएआई के खिलाफ मुकदमा दायर किया है.

इन राज्यों का आरोप है कि कंपनी का एआई चैटबॉट ChatGPT अपने उपयोगकर्ताओं, खासकर किशोरों के लिए नुकसानदेह साबित हो रहा है.

राज्यों ने दावा किया है कि चैटबॉट खतरनाक व्यवहार को बढ़ावा दे सकता है और कुछ मामलों में लोगों को खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचाने के लिए उकसा सकता है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आयोवा, कंसास, एरिजोना, अर्कांसस, इडाहो, मोंटाना, नेब्रास्का और वेस्ट वर्जीनिया के अटॉर्नी जनरल ने अपनी-अपनी राज्य अदालतों में मुकदमे दायर किए हैं.

इन मुकदमों में आरोप लगाया गया है कि ChatGPT को इस तरह बनाया गया है कि उपयोगकर्ता उस पर आसानी से भरोसा करने लगते हैं.

हालांकि, राज्यों का दावा है कि इसका इस्तेमाल भ्रम फैलाने, खतरनाक व्यवहार को बढ़ावा देने और सामूहिक गोलीबारी जैसी हिंसक घटनाओं की योजना बनाने में मदद के लिए भी किया जा सकता है.

ChatGPT की सुरक्षा पर उठाए सवाल मुकदमों में ओपनएआई पर आरोप लगाया गया है कि उसने ChatGPT की सुरक्षा को लेकर उपयोगकर्ताओं को गुमराह किया और राज्य के उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का उल्लंघन किया.

राज्यों का यह भी कहना है कि कंपनी के उत्पादों से लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है.

राज्य सरकारों ने अदालतों से ऐसे आदेश जारी करने की मांग की है, जिनसे ओपनएआई को ChatGPT के काम करने के तरीके में बदलाव करने के लिए बाध्य किया जा सके.

उनकी मांग है कि कंपनी ऐसे एआई मॉडल विकसित न करे, जो खुद में सुधार कर सकें, जब तक यह सुनिश्चित न हो जाए कि वे मानवीय मूल्यों और सुरक्षा के अनुरूप काम करते हैं.

ओपनएआई के खिलाफ बढ़ रही कानूनी चुनौतियां रिपोर्ट के मुताबिक, आठ राज्यों की यह संयुक्त पहल किसी एआई कंपनी के खिलाफ अमेरिकी राज्य सरकारों की सबसे बड़ी समन्वित कानूनी कार्रवाइयों में से एक है.

इससे पहले फ्लोरिडा के अटॉर्नी जनरल ने जून में ओपनएआई के खिलाफ इसी तरह का मुकदमा दायर किया था.

इन राज्यों ने कंपनी से हर्जाने के साथ-साथ राज्य कानूनों के कथित उल्लंघन के लिए आर्थिक जुर्माना लगाने की भी मांग की है. ओपनएआई के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया.

निजी लोगों ने भी दर्ज किया मुकादमा कंपनी को निजी लोगों की ओर से दायर कई अन्य मुकदमों का भी सामना करना पड़ रहा है.

इन मामलों में आरोप लगाया गया है कि ChatGPT ने कुछ उपयोगकर्ताओं को सामूहिक गोलीबारी या अन्य हिंसक घटनाओं की योजना बनाने में मदद की.

ताजा मुकदमों से एआई की सुरक्षा, उसके इस्तेमाल और कंपनियों की जवाबदेही को लेकर अमेरिका में कानूनी बहस और तेज होने की संभावना है.

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।