चौगान मैदान में संस्थाओं द्वारा लगाए गए मेलों का व्यापारियों ने जताया विरोध
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मेलों के कारण स्थानीय व्यापारियों के रोजगार पर पड़ा विपरीत असर
अक्तूबर 17,सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): त्योहारी सीजन में स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नाहन व्यापार वृद्धि समिति ने लोगों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील की है। समिति का कहना है कि ऑनलाइन खरीदारी और शहर के चौगान मैदान में अलग-अलग संस्थाओं की ओर से लगाए जा रहे मेलों के कारण स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है।
ऐसे में व्यापारियों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए लोगों से स्थानीय दुकानदारों का सहयोग करने का आह्वान किया है। नाहन व्यापार वृद्धि समिति के अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने लोगों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील की है। उनका कहना है कि बीते माह चौगान मैदान में करीब 20 दिन मेला लगा रहा जिसका सीधा असर स्थानीय बाजार के व्यापारियों के कारोबार पर पड़ा है।
उनका कहना है कि चौहान मैदान में अलग-अलग संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले मेलों में कमर्शियल एक्टिविटी नहीं होनी चाहिए और यदि होती है तो उसमें स्थानीय व्यापारियों को मौका देना चाहिए। इसके अलावा बढ़ती ऑनलाइन शॉपिंग पर भी चिंता जाहिर की गई। समिति ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय बाजार से खरीदारी करें।
त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ ही बाजारों में खरीदारी का दौर भी तेज होने लगा है। ऐसे में नाहन व्यापार वृद्धि समिति ने लोगों से ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि स्थानीय दुकानदार पूरे साल ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन ऑनलाइन खरीदारी और शहर में लगने वाले मेलों के कारण उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है।