छत्तीसगढ़ में बाढ़ आपदा से निपटने मंत्रालय में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज

छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आज मंत्रालय में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राजस्व तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से किया गया। इस दौरान बाढ़ प्रबंधन, प्रभावितों को सहायता, मौसम विज्ञान और जल संसाधन विभाग के बीच समन्वय और चेतावनी तथा सार्वजनिक सूचना प्रणाली के माध्यम से डाऊन स्ट्रीन के गांवों को पहले से सचेत करने पर चर्चा की गई। वहीं, बाढ़ आपदा के समय एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर सेना और अन्य बचाव दलों में आपसी समन्वय पर भी चर्चा हुई।
बैठक में राजस्व और आपदा प्रबंधन की सचिव शम्मी आबिदी ने आपदा के दौरान त्वरित निर्णय, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सभी संबंधित विभागों के बीच मजबूत समन्वय पर विशेष जोर दिया। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बीस अगस्त को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारी शामिल होंगे।