छत्तीसगढ़ की बेटी किरण पिस्दा का भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 8 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी किरण पिस्दा का चयन भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है। किरण इस महीने होने वाले फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो में रूस के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पहला मुकाबला आठ अक्टूबर को और दूसरा ग्यारह अक्टूबर को कोलकाता में खेला जाएगा। इससे पहले, किरण, वर्ष दो हजार बाईस में नेपाल में आयोजित सैफ महिला चैंपियनशिप में भारतीय सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से किरण से बात कर उन्हें बधाई दी। श्री साव ने उनके चयन को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया।
किरण को राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाने में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की कोच सरिता कुजूर के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका है। सरिता कुजूर खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल के साथ उनकी मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और मैच के दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर विशेष ध्यान देती हैं। खिलाड़ियों के खेल का नियमित आकलन कर उनकी तकनीकी एवं मानसिक कमियों को दूर करना उनकी प्रशिक्षण पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। किरण की सफलता में इस निरंतर प्रशिक्षण और व्यक्तिगत मार्गदर्शन का बड़ा योगदान रहा है।