छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के 520 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, 3 से 4 हजार और भर्तियों की तैयारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार देने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 100 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। वहीं, कुल 520 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। इनमें प्रदेश के सभी संभागों के चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र मिलने पर अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। इस अवसर पर नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आने वाले समय में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य पदों पर लगभग 3 से 4 हजार अतिरिक्त नियुक्तियां करने की तैयारी है। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एक साथ 520 युवाओं को विभिन्न पदों पर नियुक्ति मिलना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार की इस पहल से स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन बढ़ाने और प्रदेश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।