भोपाल

छवि निर्माण और जनसंपर्क की कला में अलग पहचान बनाने वाले अद्भुत इंसान हैं ताहिर अली

लेखक: admin अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
छवि निर्माण और जनसंपर्क की कला में अलग पहचान बनाने वाले अद्भुत इंसान हैं ताहिर अली

ताहिर अली के 3 अक्टूबर को 73वें जन्मदिवस पर विशेष

अशोक मनवानी

श्री ताहिर अली उन व्यक्तित्वों में हैं, जिन्होंने जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में अपने काम करने के अंदाज से अलग पहचान बनाई है। उनसे मेरी पहली मुलाकात वर्ष 1990 में हुई थी। हम दोनों जिलों में पदस्थ थे और मुख्यालय की एक बैठक के दौरान मुलाकात हुई। पहली ही भेंट में उनका सौम्य, सहज और सरल व्यवहार प्रभावित करने वाला लगा।

वरिष्ठ मंत्रियों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालते हुए ताहिर अली ने संपर्क और संवाद को हमेशा प्राथमिकता दी। दूरसंचार के उस दौर में, जब टेलीफोन भी हर व्यक्ति की पहुंच में नहीं था और मोबाइल फोन की कल्पना दूर की बात थी, उन्होंने उपलब्ध संचार माध्यमों का जिस तरह उपयोग किया, वह उनकी सजगता और दूरदृष्टि को दर्शाता है। तत्कालीन संचार मंत्री शंकरदयाल दादा से विशेष कनेक्शन प्राप्त करने की कहानी भी वे सुनाते हैं।

समय बदला और बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में मोबाइल फोन का दौर आया। इसके बाद पिछले तीन दशकों में ताहिर अली ने समाचार माध्यमों और जनसंपर्क के क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी। उनकी विशेषता केवल तकनीक को अपनाने में नहीं रही, बल्कि बदलते समय के साथ स्वयं को प्रासंगिक बनाए रखने में भी रही है। आसपास के घटनाक्रम पर नजर रखना, समाचार माध्यमों से निरंतर संपर्क बनाए रखना और आवश्यकता के अनुरूप संवाद स्थापित करना उनके काम करने की शैली का हिस्सा रहा है।

संबंध निभाने की कला में अलग पहचान

ताहिर अली की सबसे उल्लेखनीय विशेषताओं में व्यक्तिगत संबंधों को महत्व देना भी शामिल है। उनका मानना रहा है कि जनसंपर्क केवल औपचारिक संपर्क का नाम नहीं, बल्कि व्यक्ति को समय देने, उसकी बात सुनने और संबंधों को निरंतर बनाए रखने की प्रक्रिया है।

भोपाल के पुराने शहर में रहते हुए भी उनका संपर्क नए भोपाल से उतना ही सहज रहा है। किसी व्यक्ति या घटना से उनका जुड़ाव ऐसा दिखाई देता है, जैसे वे स्वयं उस घटनाक्रम के साक्षी रहे हों। यही उनका अपना अंदाज है और यही कुशलता उनके लंबे जनसंपर्क अनुभव की पहचान बनी।

अखबारों के साथ रेडियो, दूरदर्शन और टेलीविजन चैनलों के प्रभावी उपयोग को लेकर भी उनकी अच्छी समझ रही है। इसी वजह से उनके मित्रों के बीच यह मजाक भी प्रचलित रहा कि वे सिर्फ ताहिर नहीं, बल्कि ‘माहिर’ भी हैं। कुछ मित्र उन्हें ‘इंतजाम अली’ भी कहते हैं।

प्रबंधन क्षमता और मौके के अनुसार निर्णय

ताहिर अली की प्रबंधन क्षमता से जुड़ा एक प्रसंग आज भी मेरे लिए उल्लेखनीय है। एक बार प्रसिद्ध पत्रकार कुलदीप नैयर के नई दिल्ली से भोपाल आगमन के दौरान हम दोनों एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। हमारे पास बुके नहीं था, जबकि कुछ अन्य लोग बुके लेकर खड़े थे।

जब नैयर साहब को यह बात बताई गई तो उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर एक अपरिचित व्यक्ति से बुके प्राप्त किया और उसी से अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने वह बुके कार से उठाकर दौड़ते हुए उस व्यक्ति को वापस किया और तत्काल धन्यवाद भी दिया।

मैं इस पूरे घटनाक्रम का प्रत्यक्ष साक्षी था। उस समय ताहिर भाई की मौके के अनुरूप व्यवस्था करने की क्षमता और सहयोग प्राप्त करने की उनकी सहज शैली मेरे लिए उल्लेखनीय अनुभव था। वास्तव में जीवन और जनसंपर्क दोनों में सहयोग महत्वपूर्ण है, लेकिन आवश्यकता के समय किससे, कब और किस प्रकार सहयोग लिया जाए, यह अपने आप में एक कला है। ताहिर अली ने इस कला को अपने लंबे अनुभव से साधा है।

जनसंपर्क की बदलती दुनिया में सक्रियता

आज जनसंपर्क का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। संचार के माध्यम बढ़े हैं, सूचना की गति बढ़ी है और समाचार माध्यमों के साथ संवाद के तरीके भी बदले हैं। ऐसे दौर में लंबे समय तक अपनी सक्रियता और संपर्क बनाए रखना अपने आप में अनुभव और निरंतर सीखने की प्रक्रिया है।

ताहिर अली ने अपने कार्यकाल में बदलते संचार माध्यमों के साथ तालमेल बनाए रखा और जनसंपर्क के क्षेत्र में अपनी एक अलग कार्यशैली विकसित की। उनके परिचितों और सहयोगियों के लिए उनकी सहजता, संपर्क क्षमता और संबंधों को महत्व देने की शैली उनकी विशिष्ट पहचान रही है।

3 अक्टूबर को ताहिर अली जीवन के 73वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और दीर्घ, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना।

ताहिर अली वर्तमान में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं।

अशोक मनवानी लेखक संयुक्त संचालक, जनसंपर्क

A
admin

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।