छिंदवाड़ा- कलेक्टर ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि हाइजीन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट आदि की जांच लगातार जारी रखें और कमियां पाए जाने पर कार्यवाही भी करें। जिला परिवहन अधिकारी स्कूली वाहनों की जांच कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी, सभी स्कूलों से इस संबंध में प्रमाण पत्र भी प्राप्त करें।
कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान व मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने एन.एच.ए.आई के अधिकारी को निर्देश दिए कि छिंदवाड़ा - सिवनी मार्ग की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराएं। बार - बार निर्देशित करने और बारिश नहीं होने के बाद भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मुख्य मार्ग के गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, इसकी गंभीरता को समझें।
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अगला जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत तामिया में आयोजित किया गया है। शिविर के पूर्व तामिया और आस - पास के ग्रामों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अनिवार्य रूप से इस शिविर में उपस्थित होने और अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप में ऑनलाइन दर्ज करने के निदेश दिए हैं।