राजनीति

चुनावी हार से हताश है कांग्रेस, खड़गे ने की सारी मर्यादाएं तार-तार: अमित शाह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
चुनावी हार से हताश है कांग्रेस, खड़गे ने की सारी मर्यादाएं तार-तार: अमित शाह

26 अक्टूबर, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस के पास अब न नीति बची है, न मुद्दे... सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति रह गई है।

अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।

शाह ने आगे कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।

जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। फाइल फोटो- अमित शाह

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।