डॉ. माधुरी वर्मा का सम्मान, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान की सराहना

भोपाल। स्वास्थ्य प्रबंधन, चिकित्सा शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. माधुरी वर्मा का सम्मान किया गया। यह सम्मान नर्मदापुरम के सांसद दर्शन सिंह एवं कार्यक्रम के आयोजक राजकुमार धाकर द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. माधुरी वर्मा ने दंत चिकित्सा स्नातक तथा अस्पताल प्रशासन में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने देश की ऐतिहासिक ‘हिंदी में एमबीबीएस’ परियोजना के राज्य स्तरीय समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा राज्य नीति एवं योजना आयोग की सतत विकास लक्ष्य रिपोर्ट 2023 में भी उनका योगदान रहा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा आयुक्त द्वारा प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा चुका है।
कोविड काल के दौरान हमीदिया अस्पताल के सीटी-एमआरआई केंद्र में संचालन प्रमुख के रूप में उन्होंने कार्य किया और राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता प्रत्यायन बोर्ड के मानकों को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी डॉ. माधुरी वर्मा की पहल सराहनीय रही है।
अपनी पुत्री के प्रथम जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने ‘मुस्कान संस्था (मिट्टी का घर)’ के निवासी बच्चों को लेखन सामग्री और मिठाइयां वितरित की थीं। इस सेवा कार्य को उन्होंने हर वर्ष निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम में डॉ. माधुरी वर्मा को उनके उल्लेखनीय कार्यों, स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान और सामाजिक सेवा के लिए सम्मानित किया गया। नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह एवं आयोजक राजकुमार धाकड द्वारा प्रदान किए गए इस सम्मान पर उपस्थितजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।