दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में रक्षाबंधन महोत्सव, हजारों बहनों ने विधायक भगवानदास सबनानी को बांधा रक्षा सूत्र
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को मानस भवन में रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में बहनों ने विधायक भगवानदास सबनानी को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। बहनों ने गीत गाकर उत्सव का उल्लास भी साझा किया।
विधायक भगवानदास सबनानी ने महोत्सव में शामिल सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व स्नेह, विश्वास और भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस भावुक अवसर पर वे सभी बहनों के प्रति कृतज्ञ हैं। रक्षाबंधन हमें यह स्मरण कराता है कि समाज आपसी प्रेम और विश्वास की एक डोर से जुड़ा हुआ है।
सबनानी ने कहा कि सनातन परंपरा के पर्व सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का संदेश देते हैं। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में यह तीसरा रक्षाबंधन महोत्सव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बहनों के विश्वास और स्नेह ने उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया है।
उन्होंने बहनों की सुरक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक ने रक्षाबंधन महोत्सव के आयोजन में सहयोग करने वाली पूरी टीम को भव्य और सुव्यवस्थित कार्यक्रम के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक रिश्तों और आपसी विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मानस भवन में उत्सव का माहौल रहा और बड़ी संख्या में बहनों ने विधायक को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। विधायक सबनानी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर भी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।