दमोह में इस बार विराजेंगी बड़ी-बड़ी दुर्गा प्रतिमाएं, आज शाम से पंडालों में पहुंचना होंगी शुरू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दमोह। शारदेय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही मां दुर्गा की आराधना और उत्सव का माहौल बनने लगा है। दमोह में नवरात्र पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अपनी अनूठी परंपराओं, भव्य दुर्गा प्रतिमाओं और आकर्षक पंडालों के लिए पहचान रखने वाले दमोह में इस बार पहले से भी ज्यादा भव्यता देखने को मिलेगी। शहर में तैयार की जा रही दुर्गा प्रतिमाएं इस बार आकार में बड़ी होंगी, जिनकी ऊंचाई 11 फीट से लेकर 25 और 30 फीट तक है।
मूर्तिकारों के मुताबिक, इस बार श्रद्धालुओं और दुर्गा उत्सव समितियों में खासा उत्साह है। यही वजह है कि जिन पंडालों में पिछले साल तक छोटी प्रतिमाएं विराजमान की जाती थीं, वहां भी इस बार बड़ी प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी है। फिलहाल मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। परंपरा के अनुसार, आज शाम से दुर्गा प्रतिमाओं का पंडालों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा।
दमोह में तैयार होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं की मांग जिले के बाहर भी है। यहां बनी प्रतिमाएं सागर, कटनी, पन्ना और टीकमगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजी जा रही हैं। इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश की सीमा पार कर राजस्थान की राजधानी जयपुर तक दमोह में तैयार प्रतिमाएं पहुंच रही हैं। वहीं, दमोह के विभिन्न पंडालों में स्थापना के लिए सागर, जबलपुर और छिंदवाड़ा में तैयार की गई प्रतिमाएं भी लाई जा रही हैं।
नवरात्र के अगले दस दिनों तक दमोह में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भव्य प्रतिमाओं और आकर्षक पंडालों के चलते एक बार फिर दमोह का नवरात्र उत्सव श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।