दतिया में 100 ‘आपदा मित्रों’ का सात दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, राहत-बचाव कार्यों की दी जाएगी ट्रेनिंग
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दतिया। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग और मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार दतिया में सात दिवसीय ‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में होमगार्ड दतिया के लेक्चर हॉल में प्रशिक्षण के प्रथम सत्र का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने किया।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 युवा आपदा मित्र स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने प्रशिक्षणार्थियों को आपदा के समय सामाजिक सुरक्षा, सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग से जन-धन की रक्षा और आपदा की स्थिति में प्रशासन को सहयोग देने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने प्रशिक्षण की कार्ययोजना बताते हुए आपदा मित्रों के दायित्व भी समझाए।
पहले दिन इन विषयों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के प्रथम दिन प्रतिभागियों को आपदा, आपदा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005, सिविल डिफेंस एक्ट, जल आपदा के कारण एवं प्रबंधन और आपदा मित्र योजना के बारे में जानकारी दी गई। सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण होमगार्ड, एसडीआरएफ के अधिकारियों और अतिथि विशेषज्ञों द्वारा प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पंजीकृत प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पुस्तिका, डायरी, पेन और टी-शर्ट भी वितरित की गई।