राज्य

दतिया में 3 और 4 अक्टूबर को लगेगा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दतिया में 3 और 4 अक्टूबर को लगेगा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर

दतिया। नागरिकों को उनके गांव और वार्ड स्तर पर पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा।अभियान के तहत 3 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक स्तर पर और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे।

शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।ग्रामीण क्षेत्रों में जिले के सभी विकासखंडों में तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम के जोन, नगर पालिका और नगर परिषद स्तर पर शिविर आयोजित होंगे। इनमें किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं तथा वंचित और कमजोर वर्गों सहित आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

मौके पर होगा पंजीयन और सेवाओं का लाभ

शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। साथ ही शेष पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। राजस्व विभाग की नागरिक सेवाओं के साथ अन्य विभागों की हितग्राही योजनाओं की ऑन-स्पॉट डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

नागरिकों के लिए रहेंगी जरूरी सुविधाएं

शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, कंप्यूटर-इंटरनेट, सुरक्षा और साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। शिविरों में प्राप्त आवेदनों, मौके पर स्वीकृत आवेदनों, लंबित प्रकरणों और वितरित हितलाभों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।

वहीं, यदि किसी पीड़ित, किसान या जरूरतमंद नागरिक की पुरानी समस्या का समाधान मौके पर होता है, तो उसकी सफलता की कहानी भी संकलित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सेवा और विश्वास का सेतु मजबूत करना है, ताकि नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और अधिक से अधिक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उनके नजदीक ही मिल सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।