देश

दतिया में अनुसूचित जाति छात्रावास के अधीक्षक निलंबित, छात्रों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

दतिया जिले के इंदरगढ़ स्थित अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास में मिली अनियमितताओं के मामले में कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने सख्त कार्रवाई करते हुए छात्रावास अधीक्षक डॉ. डी.आर. राहुल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।दरअसल, छात्रावास में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार इंदरगढ़ ने छात्रावास का निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। साथ ही छात्रावास अधीक्षक निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर अधीक्षक को अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का दोषी माना गया।

इसके बाद कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा अपील, नियंत्रण एवं वर्गीकरण नियम-1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय जनजातीय कार्य विभाग, दतिया निर्धारित किया गया है।

छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।

विद्यार्थियों को निर्धारित मेनू और मापदंड के अनुसार ताजा, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ भोजन की मात्रा और गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।छात्रावास परिसर, कमरों, रसोईघर, शौचालय और स्नानागार में नियमित साफ-सफाई तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विद्यार्थियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और बीमार छात्रों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति का विधिवत रिकॉर्ड रखने और अनधिकृत अनुपस्थिति की स्थिति में तत्काल अभिभावकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने को कहा है।

इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को छात्रावास का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं में लापरवाही, अनियमितता या विद्यार्थियों के हितों की उपेक्षा पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। Key Points इंदरगढ़ SC सीनियर बालक छात्रावास के अधीक्षक निलंबित

निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के बाद कलेक्टर ने की कार्रवाई गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था पर जोर छात्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दैनिक उपस्थिति और आकस्मिक निरीक्षण की व्यवस्था होगी सख्त लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पर होगी कार्रवाई

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।