दतिया: कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आम मरीज बनकर बड़ौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डिजिटल सेवाओं का लिया जायजा

दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौनी का औचक निरीक्षण किया।
आम नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उनकी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक अनूठी पहल करते हुए स्वयं मरीज बनकर आगामी समय में शुरू होने वाली डिजिटल हॉस्पिटल सेवाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।
कलेक्टर ने अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया, जिसके बाद वे अलग-अलग कक्षों में गए और रूटीन चेकअप करवाकर चिकित्सक से परामर्श प्राप्त किया।
इस प्रक्रिया के माध्यम से उन्होंने अस्पताल में मरीजों के पंजीयन, डिजिटल रजिस्ट्रेशन, डॉक्टर से परामर्श, जांच प्रक्रियाओं और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यह भी परखा कि भविष्य में डिजिटल सेवाओं के पूरी तरह लागू होने पर मरीजों को किन व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद कर वहां की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। डिजिटल सेवाओं और अस्पताल व्यवस्थाओं पर निर्देश
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटल हॉस्पिटल सेवाओं का लाभ प्रत्येक मरीज को पूरी तरह सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल का मुख्य उद्देश्य उपचार प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाना है ताकि मरीजों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम, टीकाकरण कक्ष, सामान्य वार्ड, एएनसी वार्ड और पीएनसी वार्ड का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, सुचारू पंजीयन व्यवस्था लागू करने और डिजिटल सेवाओं का प्रभावी संचालन करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. बीके वर्मा सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।