कल दौड़वा में निकलेगा शिवडोला

भास्कर संवाददाता | दौड़वा सावन माह में दौड़वा एक बार फिर भगवा रंग में शिवभक्ति से सराबोर होने को तैयार है। गांव में 25 अगस्त को शिवडोला निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर शिवडोला उत्सव समिति के युवाओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिवडोले में भगवान शिव की पालकी के साथ 5 चलित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ओंकारेश्वर की 51 ताशों की टोली व खरगोन, धार व महेश्वर से तीन डीजे की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर करेंगी। पुष्प वर्षा, लाइट शो, इत्र वर्षा, स्वल्पाहार व जगह-जगह स्वागत द्वार लगाएंगे।
सरपंच देवेंद्रसिंह रावत, शुभम श्रीवास व हर्षित लाड़ ने बताया इस वर्ष गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त व महिलाएं शामिल होंगी।
शिवडोला शाम 5 बजे शिव मंदिर से शुरू होकर कुशवाह मोहल्ला, दरबार मोहल्ला, मां बागेश्वरी धाम, बाजार गली, पड़ावा, वैष्णो मंदिर और श्रीराम मंदिर होते हुए वापस शिव मंदिर पहुंचेगा। यहां आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा।
शिवडोले के स्वागत के लिए प्रमुख चौराहों पर भगवा सजावट के साथ पेयजल, चाय व स्वल्पाहार के स्टॉल लगाए जाएंगे। महिलाओं और बालिकाओं के लिए अलग डीजे व ताशा व्यवस्था रहेगी। पंचायत द्वारा रूट की साफ-सफाई व स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है।
समिति ने सकल हिंदू समाज से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
📡 स्रोत: NewsData.io