खेल

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन को दिखाई हरी झंडी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह देहरादून के डॉ. बीआर अम्बेडकर स्टेडियम में ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित वॉकथॉन में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं सहित सभी प्रतिभागियों से नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।

इस प्रकार के आयोजनों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ने के साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ ही उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। जिस युवा के हाथों में किताबें होनी चाहिए, जिसे खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए और अपने परिश्रम से भविष्य संवारना चाहिए, यदि वह नशे की गिरफ्त में आ जाता है, तो उसके सपनों के साथ ही परिवार की उम्मीदें भी प्रभावित होती हैं।

इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास भी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।