दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए पंजाब जिम्मेदार : मनजिंदर सिंह सिरसा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
03 नवंबर, नई दिल्ली : दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब में जानबूझकर पराली जलाई जा रही है और इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस के अधिकारी और जवान भी शामिल हैं।
सिरसा ने दावा किया कि इस साल पंजाब में पराली जलाने की 900 से अधिक घटनाएं सामने आईं, जबकि हरियाणा में 18 और उत्तर प्रदेश में 59 घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, दिल्ली में पराली जलाने की केवल एक घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 271 FIR दर्ज की गई हैं और 1000 से अधिक घटनाओं की जानकारी सरकार को मिली है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक लाभ के लिए प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रीना गुप्ता, जो पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता थीं, उन्हें पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरपर्सन बनाया गया। सिरसा ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने 20 से 25 करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च किए।
सिरसा के मुताबिक, इस साल दिल्ली में 220 दिन साफ हवा वाले रहे और इस दशक का औसत AQI भी बेहतर रहा। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली का सबसे कम AQI 180 दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए 5000 करोड़ रुपये दिए हैं। साथ ही दिल्ली में BS6 वाहनों की जांच के तहत 12 हजार वाहनों को चेक किया गया, जिनमें से 1100 वाहनों को पिछले चार दिनों में वापस भेजा गया।
सिरसा ने दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी और इलेक्ट्रिक बसों के बड़े बेड़े का भी जिक्र किया।