देश

देश में आज रक्षाबंधन की धूम

लेखक: AIR Raipur अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
देश में आज रक्षाबंधन की धूम

रायपुर, 28 अगस्त 2026 रक्षाबंधन का त्‍योहार आज पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस मौके पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधती हैं और उनकी खुशहाली, सेहत और समृद्वि के लिए प्रार्थना करती हैं। इसके बदले में, भाई अपनी बहनों की रक्षा और मदद करने का वादा करते हैं और उन्हें उपहार देते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा बंधन के अवसर पर आज देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन की पवित्र परंपरा प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार भाई-बहनों, मित्रों, परिवारों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच स्नेह, सम्मान और आपसी जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि रक्षा बंधन हमें याद दिलाता है कि जीवन में हर रिश्ते की नींव विश्वास, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग पर टिकी होती है।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर लोगों से समाज और राष्ट्र की रक्षा करने और इसी भावना के साथ एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने रक्षा बंधन के मौके पर देशवासियों को बधाई दी है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कामना की कि खुशियों का त्‍योहार प्यार, स्नेह और एकजुटता के बंधन को मजबूत करे और सभी को दया, सद्भाव और आपसी सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने सभी के लिए खुशी, शांति और समृद्धि की भी कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रक्षा बंधन पर देशवासियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने उम्मीद जताई कि रक्षा बंधन का त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। उन्होंने कामना की कि प्यार, स्नेह और आपसी भरोसे का बंधन हमेशा मज़बूत और अटूट बना रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज रक्षा बंधन के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि यह त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और स्नेह के मजबूत बंधन को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन विश्वास, सम्मान और प्रेम का उत्सव है और जीवन भर एक-दूसरे का साथ देने के संकल्प को मजबूत करता है।

A
AIR Raipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।