देशभर में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0' की आज से हुई शुरुआत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायुपर, 28 अक्टूबर 2026
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आज नई दिल्ली में 'तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0' की शुरुआत की। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा यह 60 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को तंबाकू के सेवन से रोकने, उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने, तंबाकू नियंत्रण कानूनों को सख्ती से लागू करने और पूरे देश में तंबाकू-मुक्त माहौल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री जाधव ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के सेवन से दूर रखना है, जिससे वे देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने के सपने को पूरा करने के लिए युवाओं का स्वस्थ और खुशहाल होना बहुत जरूरी है।
श्री जाधव ने बताया कि इस अभियान के पिछले तीन चरणों के दौरान 5 लाख 80 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों और 73 हजार गांवों को 'तंबाकू-मुक्त' घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि तंबाकू के हानिकारक प्रभाव केवल इसका सेवन करने वालों तक ही सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके आसपास के लोग भी इससे प्रभावित होते हैं।
श्री जाधव ने बताया कि भारत में कैंसर के कई मामले तंबाकू के सेवन से जुड़े हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व के जरिए इसे एक जन-आंदोलन का रूप लेना चाहिए।