देवता जुन्गा मंदिर ठूंड के जीर्णोद्धार के लिए मंत्री से की अुनदान देने की मांग
अगस्त 19, शिमला (हिमाचल प्रदेश): जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत धाली के ठूंड गांव स्थित देवता जुन्गा (देवचंद) मंदिर निर्माण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने आज ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से उनके शिमला स्थित कार्यालय में भेंट कर मंदिर के निर्माण कार्य सहित अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद और उपाध्यक्ष मनोहर सिंह ठाकुर ने किया। समिति के उपाध्यक्ष मनोहर सिंह ठाकुर ने मंत्री को बताया कि देवता जुन्गा देवचंद के करीब दो सौ वर्ष पुराने मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है।
मंदिर निर्माण के लिए ग्रामीणों की ओर से अब तक करीब 30 लाख रुपये का योगदान दिया जा चुका है, जबकि निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए लगभग 25 लाख रुपये की अतिरिक्त आवश्यकता है।
इसके अलावा मंदिर परिसर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक सराय का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर करीब पांच लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मंदिर के निर्माण कार्य को पूरा करने तथा सराय निर्माण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आश्वासन दिया कि मंदिर निर्माण के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग से अनुदान दिलाने के संबंध में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुदान की स्वीकृति बजट की उपलब्धता पर निर्भर करेगी।
इसके साथ ही सराय निर्माण के लिए भी आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने पर विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के कोषाध्यक्ष दीपक रोहाल के अलावा सुरेश वर्मा, प्रदीप ब्रागटा, राजीव ठाकुर, जोगिंद्र ठाकुर, कृष्ण रोहाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।