अपराध

देवास- घटना के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
देवास- घटना के दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रविवार देर रात काे दर्दनाक घटना सामने आई है। इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब से भरे आयशर वाहन ने खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल टीआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सोमवार तड़के उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक छा गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक आयशर वाहन गुजरात की तरफ जा रहा है। इसके बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देश पर वाहन को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच से अधिक टीमें बनाई गई थीं। इनमें खातेगांव, नेमावर, कन्नौद और सतवास थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल थीं। पुलिस वाहन का पीछा कर रही थी और आगे भी नाकाबंदी की गई थी।

इसी दौरान इंदौर-बैतूल हाईवे पर डिवाइडर के किनारे आयशर वाहन खड़ा मिला। बताया गया कि चालक पानी पीने के लिए रुका था। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान टीआई पुरी वाहन की चपेट में आ गए और पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में पुरी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर सहित अन्य उपचार किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद आयशर चालक वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे ले गया और संदलपुर के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन में शराब भरी होने की पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने की है। शराब की मात्रा और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और मामले की जानकारी ली। टीआई पुरी के परिजन भी सूचना मिलने पर पहुंचे। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।