धामी सरकार के पांच वर्ष में शुरु हुए तीन राजकीय मेडिकल कॉलेज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
14 अक्टूबर, 2026, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्षों में प्रदेश में तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। प्रदेश में अभी नैनीताल जिले के हल्द्वानी, पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं।
प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार और युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई का मौका देने के लिए सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
वहीं, रुद्रपुर में भी मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुका है, जल्द यहां भी 100 एमबीबीएस सीटों का आवंटन हो जाएगा। प्रदेश में अभी छह राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें हैं। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की 100 सीटें जुड़ने से सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में चार निजी मेडिकल कॉलेजों की 900 और एम्स ऋषिकेश की 125 सीटों को जोड़कर कुल एमबीबीएस सीटों का आंकड़ा बढ़कर 1700 तक पहुंच रहा है।
प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेज और सीटें
दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून-150 सीट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी-125 सीट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर-150 सीट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा-100 सीट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार-100 सीट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ-50 सीट
एम्स ऋषिकेश (केंद्रीय संस्थान)-125 सीट
प्रदेश के निजी मेडिकल कॉलेज और सीटें
हिमालयन इंस्टीट्यूट, जौलीग्रांट-250 सीट
एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून-250 सीट
गौतम बुद्ध मेडिकल कॉलेज, देहरादून-150 सीट
ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट, देहरादून-250 सीट
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ आशुतोष सयाना ने कहा कि उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन में देश ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। भविष्य में उत्तराखंड देश ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर डॉक्टर, नर्स आदि मानव संसाधन उपलब्ध कराने की स्थिति में आ जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हमारा संकल्प है, ताकि स्थानीय स्तर पर ही योग्य डॉक्टर तैयार हों और होनहार छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। मेडिकल एजुकेशन के साथ ही हेल्थकेयर तक भी पहुंच बढ़ाने पर सरकार का फोकस है।
संलग्न- फाइल फोटो (पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड)