धार- कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिरी, 20 लाेग घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 30 श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर मां नर्मदा का जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कडमाल गांव के पास पुल पर पहुंची, अचानक वाहन का स्टीयरिंग फेल हो गया। ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे पुल से नीचे जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल 20 श्रद्धालुओं को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुक्षी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।