राज्य

धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक चलेगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, 700 कमरों की होगी व्यवस्था

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक चलेगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, 700 कमरों की होगी व्यवस्था

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने तैयारियों को लेकर की विभागीय समन्वय बैठक, सभी विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

नवंबर 05, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्र के दौरान धर्मशाला पहुंचने वाले विधायकों, मंत्रियों, अधिकारियों, वीवीआईपी और अन्य अतिथियों के ठहरने के लिए करीब 700 कमरों की व्यवस्था की जा रही है।

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि सत्र की तैयारियों को लेकर विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की जा चुकी है, जिसमें सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि सत्र के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क, बिजली और पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

विधानसभा परिसर में लोक निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य भी तेजी से करवाया जा रहा है। इस कार्य को आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि सत्र शुरू होने से पहले परिसर पूरी तरह तैयार हो सके। उन्होंने बताया कि वीवीआईपी और अन्य अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए धर्मशाला के प्रमुख होटलों से संपर्क कर कमरों की उपलब्धता और किराये की सूची प्राप्त की गई है।

पूरे सत्र के दौरान लगभग 700 कमरों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि सत्र में भाग लेने के लिए धर्मशाला पहुंचने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उपायुक्त ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष भी तैयारियों का जायजा लेने के लिए जल्द ही समीक्षा बैठक कर सकते हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के धर्मशाला आगमन को लेकर उन्होंने कहा कि उनके आधिकारिक टूर प्रोग्राम जारी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जिला प्रशासन सत्र के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है।

बाईट: हेमराज बैरवा, जिलाधीश कांगड़ा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।