राज्य

धर्मशाला डिवीजन में आरडीएसएस के तहत बिजली व्यवस्था मजबूत करने का काम तेज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
धर्मशाला डिवीजन में आरडीएसएस के तहत बिजली व्यवस्था मजबूत करने का काम तेज

अगस्त 14, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम आरडीएसएस के तहत धर्मशाला बिजली मंडल में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। धर्मशाला मंडल के एक्सईएन विकास ठाकुर ने बताया कि योजना के तहत नए सब-स्टेशनों के निर्माण से लेकर ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों के अपग्रेडेशन का कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि 33 केवी के दो नए सब-स्टेशन मनेड और गमरू में बनाए जा रहे हैं। इन दोनों सब-स्टेशनों का निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है। इनके तैयार होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आरडीएसएस के तहत नए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर डीटीआर भी स्थापित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा 33 केवी लाइनों सहित अन्य विद्युत लाइनों के अपग्रेडेशन का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे विद्युत नेटवर्क की क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाई जा सके। विकास ठाकुर ने बताया कि गज-कालापुल को मुख्य लाइन से फीड करने वाली 33 केवी लाइन के अपग्रेडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही आरडीएसएस के तहत धर्मशाला मंडल में अन्य संबंधित विद्युत विकास कार्य भी चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करना, तकनीकी दिक्कतों को कम करना और उपभोक्ताओं को अधिक बेहतर एवं भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाना है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।