धर्मशाला में ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देशभर के करीब 100 विशेषज्ञ करेंगे नवाचारों पर मंथन
अक्तूबर 16,कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में आज से भारत में ई-गवर्नेंस सुधार विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्र और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ नेताओं, अधिकारियों, वैज्ञानिकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों सहित करीब 100 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, प्रशासनिक सुधारों और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा करना है। जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री शामिल होंगे। दो दिनों के दौरान पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से किए गए नवाचारों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग तथा प्रदेश सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन ई-गवर्नेंस से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
साथ ही, राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से धर्मशाला की पहचान को मजबूती मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।