राजनीति

धर्मशाला में खुला केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना वेलनेस सेंटर, चार जिलों के एक लाख

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 31 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
धर्मशाला में खुला केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना वेलनेस सेंटर, चार जिलों के एक लाख

सुधीर शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का जताया आभार

अक्तूबर 31, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से धर्मशाला में केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) के तहत वेलनेस सेंटर शुरू किया गया है। इस सेंटर के खुलने से हिमाचल प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना के करीब एक लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

धर्मशाला से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सेंटर के संचालन के लिए भवन उपलब्ध करवा दिया गया है और इसके माध्यम से लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सुधीर शर्मा ने बताया कि केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना वेलनेस सेंटर में पंजीकृत लाभार्थियों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इसके अलावा धर्मशाला और आसपास के सरकारी तथा निजी अस्पतालों को भी योजना के तहत पैनल में शामिल किया जाएगा, ताकि लाभार्थियों को इन अस्पतालों में भी कैशलेस अथवा योजना के नियमानुसार निशुल्क उपचार की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

न्यू चंडीगढ़ स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल और संगरूर स्थित टाटा रिसर्च सेंटर में केंद्र सरकार के पेंशनर्स को निशुल्क कैंसर उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त इन दोनों संस्थानों में सभी वर्गों के छोटे बच्चों को भी कैंसर का निशुल्क उपचार उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है। विधायक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है।

इससे पेंशनर्स को पंजीकरण और अन्य औपचारिकताओं में सहूलियत मिलेगी। सुधीर शर्मा ने इस सुविधा को धर्मशाला सहित चार जिलों के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस वेलनेस सेंटर और भवन की मंजूरी के लिए वह पिछले चार वर्षों से प्रयासरत थे।

केंद्रीय मंत्री के सहयोग और प्रयासों से यह कार्य अब साकार हो पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों केंद्रीय कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकना नहीं पड़ेगा।

बाईट: सुधीर शर्मा, विधायक, धर्मशाला

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।