धर्मशाला शहर को मिला अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन संयंत्र
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 29, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): धर्मशाला शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत 9 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन संयंत्र का लोकार्पण किया गया।
इस संयंत्र के शुरू होने से सीवरेज नेटवर्क से वंचित शहर के सात वार्डों को सुविधा मिलेगी और लगभग 7,500 परिवार लाभान्वित होंगे। प्रतिदिन 60 किलोलीटर क्षमता वाला यह संयंत्र क्षेत्र में अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इस सुविधा से घरों से निकलने वाले अपशिष्ट के उचित प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही, खुले में गंदगी फैलने की समस्या को कम करने, पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। धर्मशाला प्रदेश का प्रमुख पर्यटन शहर होने के साथ-साथ स्मार्ट सिटी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में आधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन सुविधा शहर के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने और पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
यह परियोजना धर्मशाला में स्वच्छ, व्यवस्थित और टिकाऊ शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।