धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 50.93 करोड़ रुपये मंजूर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
स्वदेश दर्शन योजना के तहत रामदेवरा, मेहोजी मांगलिया, मां देगराय और कोलू पाबूजी धाम में विकसित होंगी सुविधाएं
जोधपुर, 3 अक्टूबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री तथा जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत की पहल पर केंद्र सरकार ने स्वदेश दर्शन योजना के तहत जोधपुर, फलोदी और जैसलमेर क्षेत्र के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 50.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
स्वीकृत राशि में रामदेवरा स्थित बाबा रामदेवजी धाम के लिए 21.16 करोड़, बापिणी के मेहोजी मांगलिया मंदिर के लिए 16 करोड़, जैसलमेर के मां देगराय मंदिर के लिए 11.84 करोड़ और फलोदी के कोलू पाबूजी धाम के लिए 1.93 करोड़ रुपये शामिल हैं। इन राशि से धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही संबंधित स्थलों की लोक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को संरक्षित करने के साथ पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने पर जोर रहेगा।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ये धार्मिक स्थल पश्चिमी राजस्थान की लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर शेखावत ने अपने आवास पर जन्मदिन भी मनाया। भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की स्वीकृति पर शुभकामनाएं दीं।
बाईट: गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री