धौलाकुआँ में ठोस कचरा प्रबंधन इकाई यूनिट लगाने का विरोध
अगस्त 21, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): नाहन की धौलाकुआं पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन इकाई को लेकर ग्रामीणों में विरोध तेज हो गया है। गड़ीवाला सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने इस इकाई को आबादी से दूर स्थापित करने की मांग उठाई है।
इसी मांग को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल की अगुवाई में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल डीसी सिरमौर से मिला और अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। पंचायत के प्रधान मलकियत चौधरी ने बताया कि यदि कचरा प्रबंधन इकाई गांव के नजदीक लगाई गई तो क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने बताया कि गांव के नजदीक कचरा प्रबंधन इकाई स्थापित होने से दुर्गंध और प्रदूषण के साथ-साथ बीमारियां फैलने का अंदेशा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ही कचरा प्रबंधन इकाई के स्थान का निर्धारण किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि प्रस्तावित कचरा प्रबंधन इकाई का असर नजदीक स्थित आईआईएम संस्थान पर भी पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इकाई के लिए ऐसी जगह का चयन किया जाए, जो गांव की आबादी और महत्वपूर्ण संस्थानों से दूर हो।
डीसी सिरमौर ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है DC ने खुद यहां दौरा करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।