धौलपुर में बस से हथियारों की तस्करी का खुलासा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ग्वालियर से करौली हथियारों की खेप लेकर जा रहा था आरोपी, सरमथुरा पुलिस की कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
धौलपुर, 11 अक्टूबर। पंचायत चुनाव के मद्देनजर लागू आचार संहिता के बीच धौलपुर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ सरमथुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बस में हथियारों की खेप लेकर जा रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच अवैध पिस्टल और 38 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्वालियर से बस में सवार होकर करौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सरमथुरा थाना प्रभारी कैलाश सामरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बैग से पांच अवैध पिस्टल और 38 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हथियारों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य सिंह ठाकुर निवासी पंकज विहार कॉलोनी, यादव धर्मकांटा के पास, थाना गोले का मंदिर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ ग्वालियर के बहोड़ापुर, मुरार, पड़ाव, जनकगंज और झांसी रोड थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों के साथ आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने नशे की लत के चलते ग्वालियर के एमआईटीएस कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।
धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह के लिए काम कर रहा था या हथियारों की सप्लाई में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पंचायत चुनाव के मद्देनजर अवैध हथियारों की बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
बाइट : श्रवण झोरण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एडीएफ बाड़ी, धौलपुर