ढीमरखेड़ा चोरी, लाखों के जेवर समेत दूसरा आरोपी गिरफ्तार:ताला तोड़कर उड़ाई थी टीन की पेटी; मुख्य सूत्रधार रिश्तेदार पहले ही जेल में
कटनी जिले की ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दूसरे आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए बाकी सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
खेत गई महिला का ताला टूटा मिला घटना 28 जुलाई की है, जब ढीमरखेड़ा निवासी मनीषा कोल सुबह घर में ताला लगाकर खेत पर काम करने गई थीं। शाम को लौटने पर मुख्य दरवाजे और कमरे में रखी टीन की पेटी का ताला टूटा मिला। पेटी से करीब 60 हजार रुपए के आभूषण गायब थे।
रिश्तेदार निकली मुख्य आरोपी पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संदेह के आधार पर उसकी रिश्तेदार शीतल कोल को हिरासत में लिया। पूछताछ में शीतल ने चोरी की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने आधा माल बेचने के लिए साथी राजपाल प्रधान को दिया था। पुलिस ने शीतल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को दबोचा फरार चल रहे सह-आरोपी राजपाल प्रधान को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चांदी की पायल और बिछिया बरामद की गईं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी राजपाल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
📡 स्रोत: NewsData.io