डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 32 करोड़ का विदेशी सोना जब्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 24, नई दिल्ली: राजस्व खुफिया निदेशालय यानि डीआरआई ने सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में करीब 21 किलो विदेशी सोना जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 32 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई अधिकारियों ने खुफिया सूचना के आधार पर 19 सितंबर को पलवल टोल प्लाजा के पास दो नई थार गाड़ियों को रोका।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में बेहद शातिर तरीके से बनाई गई गुप्त जगह का पता चला। यहां से सोने की 15.18 किलो की खेप बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 23.30 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक जांच में सोने के म्यांमार से तस्करी कर भारत लाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, 16 सितंबर को जेवर टोल प्लाजा पर बस से दिल्ली जा रहे एक यात्री के पास से 5.8 किलो विदेशी सोना जब्त किया गया। जांच में पता चला कि यह सोना काठमांडू से भारत-नेपाल सीमा के जरिए लाया गया था। डीआरआई ने पिछले तीन हफ्तों में करीब 123 किलो सोना और 10 किलो चांदी जब्त की है। इन मामलों में 58 गिरफ्तारियां हुई हैं।