डीएम ने कहा-चीनी की कोई कमी नहीं:बाजार से खरीद सकेंगे; कालाबाजारी पकड़ने को छापे भी पड़ेंगे
पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे चीनी के दाम ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। समय रहते प्रशासन इसको लेकर सतर्क हो गया है। गोरखपुर डीएम दीपक मीणा ने शुक्रवार की रात वीडियो जारी कर कहा कि प्रदेश में चीनी के स्टाक की कोई कमी नहीं है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर फैलायी जा रही अफवाहों पर उन्होंने ध्यान न देने की अपील की है।
डीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी जरूरत के अनुसार बाजार से चीनी खरीद सकता है। हालांकि प्रशासन कालाबाजी की जांच भी करेगा। इसके लिए जल्द ही थोक व्यापारियों के यहां छापे पड़ेंगे।
डीएम ने सभी थोक व्यापारियों से अपील की है कि वे अपना स्टाक भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल पर चीनी के स्टाक की स्थिति तत्काल घोषित करें। नियमित रूप से उसे अपडेट भी करना होगा। डीएम ने कहा कि जिले के थोक व्यापारियों के स्टाक की आकस्मिक जांच कराई जाएगी।
यदि कोई व्यापारी जमाखोरी करते पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रविधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नवंबर तक की मांग पूरी करने में कोई दिक्कत नहीं होगी डीएम ने कहा कि इतना स्टाक मौजूद है कि नवंबर तक की मांग पूरी कर ली जाएगी।
उससे पहले ही चीनी मिलें चालू हो जाएंगी और नया उत्पाद भी शुरू कर दिया जाएगा। बहुत कम समय के लिए कृत्रिम मांग पैदा हुई है। जिससे दाम बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि कोई आर्टिफिशियल डिमांड पैदा करते पाया जाएगा, कालाबाजारी करते पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने लोगों से अपील की है कि वे पैनिक न हों।
व्यापारियों को भी दी गई जानकारी प्रशासन की ओर से चीनी के कारोबार से जुड़े व्यापारियों को इस बात की जानकारी दे दी गई है कि किसी भी दशा में चीनी की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। उनकी जानकारी में यदि कोई ऐसा कर रहा है तो उसके बारे में प्रशासन को बताया जाए। व्यापारियों ने सहयोग का भरोसा दिया है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि आकस्मिक जांच कराकर स्टाक का मिलान किया जाएगा। यदि कहीं कालाबाजारी पकड़ी गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io