डिजी यात्रा ने देश के 7 हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए परीक्षण शुरू किया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डिजी यात्रा ने देश के सात हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए परीक्षण शुरू कर दिया है। इसे देश के विमानन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ये परीक्षण इस वर्ष नवंबर से दिसंबर तक चलेंगे। इसके अंतर्गत ई-पासपोर्ट रखने वाले पात्र भारतीय नागरिक एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से यात्रा करते समय निर्धारित हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार ये परीक्षण दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि, मुंबई, चेन्नई और अमृतसर हवाई अड्डों पर किए जा रहे हैं। यात्री उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार टर्मिनल में प्रवेश, सुरक्षा जांच क्षेत्र और बोर्डिंग गेट पर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि इसके लिए पात्र भारतीय नागरिकों को डिजी यात्रा मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने ई-पासपोर्ट पर आधारित सत्यापन योग्य डिजिटल पहचान बनानी होगी। इसके लिए ई-पासपोर्ट पर मौजूद मशीन से पढ़े जा सकने वाले हिस्से को स्कैन करना होगा और स्मार्टफोन के नियर फील्ड कम्युनिकेशन एनएफसी फीचर की मदद से पासपोर्ट में लगी चिप को पढ़ना होगा। इसके बाद यह डिजिटल पहचान यात्री के मोबाइल फोन में मौजूद डिजी यात्रा वॉलेट में सुरक्षित रहेगी। इसका इस्तेमाल परीक्षण के लिए निर्धारित हवाई अड्डों के विशेष स्थानों पर किया जा सकेगा।
मंत्रालय ने बताया है कि सरकार हवाई अड्डों के संचालन को बेहतर बनाने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और हवाई यात्रा को आसान बनाने के लिए तकनीक के इस्तेमाल के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पहल डिजिटल इंडिया और सुगम हवाई यात्रा के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है।