दिल्ली में बीजेपी का महामंथन, ‘मोदी @25’ समेत संगठन पर चर्चा

अगस्त 22, नई दिल्ली: नई दिल्ली में आज बीजेपी की दिनभर चलने वाली बैठकों का दौर जारी है। पार्टी मुख्यालय में तीन अहम बैठकों के जरिए संगठनात्मक मुद्दों, नए पदाधिकारियों के परिचय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया जा रहा है।
पहली बैठक सुबह 10 बजे शुरू हुई और दोपहर 12 बजे तक चली। बैठक से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया और नितिन नवीन की नई टीम के सदस्यों का औपचारिक परिचय कराया गया।
दूसरी बैठक में ‘मोदी @25’ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। वहीं, तीसरी बैठक शाम 6 बजे प्रस्तावित है।
इसमें बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। फ़ाइल फ़ोटो