दिल्ली जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनें रद्द, बेगूसराय के यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भास्कर न्यूज | बेगूसराय दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे बिहार के रेल यात्रियों को महत्वपूर्ण ट्रेनों के रद्द होने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास 10 अक्टूबर को संभावित यातायात जाम और भीड़ की आशंका है। इसे देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रारंभिक स्टेशनों से ही रद्द करने का निर्णय लिया है।
इस फैसले पर बेगूसराय के रेल यात्री संगठनों ने सवाल उठाए हैं। संगठनों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा जरूरी है। पूरी ट्रेन रद्द करने के बजाय समय में बदलाव किया जा सकता था। वैकल्पिक स्टेशनों तक परिचालन पर भी विचार होना चाहिए था। पूर्व मध्य रेलवे दैनिक रेल यात्री संघ और रेल-रोड यात्री संघ के प्रतिनिधि राजीव कुमार ने कहा कि बेगूसराय और आसपास के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए पर्याप्त, सीधी, सुविधाजनक रेल सेवाएं नहीं मिलतीं।
बड़ी संख्या में यात्रियों को पटना जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों के अचानक रद्द होने से यात्रा की योजना प्रभावित होती है। अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ सकता है। रेल यात्री संगठनों के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे के 9 अक्टूबर के आदेश में 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने वाली चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का उल्लेख है।
इनमें 20801 मगध एक्सप्रेस, 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों की योजनाएं हो सकती हैं प्रभावित राजीव कुमार ने कहा कि संभावित भीड़ और यातायात संबंधी परेशानी को देखते हुए रेलवे को अन्य परिचालन विकल्पों का आकलन करना चाहिए था।
ट्रेनों के आगमन का समय बदला जा सकता था। रास्ते में नियंत्रित परिचालन किया जा सकता था। सुरक्षा और परिचालन क्षमता के अनुसार आनंद विहार टर्मिनल या गाजियाबाद जैसे वैकल्पिक स्टेशनों पर यात्रा समाप्त कराने की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती थीं। राजीव कुमार ने कहा कि इलाज, शिक्षा, न्यायालय, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io