दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश, 14 उड़ानें डायवर्ट
अगस्त 24, नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ। तेज बारिश के चलते कई सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। खराब मौसम और कम दृश्यता का असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी पड़ा। एयरपोर्ट पर आने वाली 14 उड़ानों को डायवर्ट कर नजदीकी शहरों की ओर भेजा गया।
इनमें 12 घरेलू और 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं। दिल्ली आने वाली 14 उड़ानों में से 11 को जयपुर, 2 को चंडीगढ़ और 1 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। मौसम खराब रहने के कारण उड़ानों के संचालन में और देरी की संभावना जताई जा रही है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि एयरपोर्ट पहुंचने पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इससे सड़क और हवाई यातायात पर असर और बढ़ने की संभावना है।