व्यापार

दिल्ली: पीएम मोदी से व्यापारियों ने लगाई गुहार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दिल्ली: पीएम मोदी से व्यापारियों ने लगाई गुहार

अक्टूबर 16, नई दिल्ली: दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए कई बाजार एसोसिएशनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। सरोजिनी नगर मार्केट शॉपकीपर्स एसोसिएशन, ऑटोमोटिव पार्ट्स मर्चेंट्स एसोसिएशन और फेडरेशन लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन की कॉल से हुए आर्थिक नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।व्यापारी संगठनों का दावा है कि प्रदर्शन की कॉल के चलते बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई और प्रदर्शन से चार-पांच दिन पहले तथा चार-पांच दिन बाद तक कारोबार सामान्य नहीं हो सका।

इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। संगठनों ने कहा कि अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर का समय त्योहारों के कारण व्यापार के लिहाज से बेहद अहम होता है और इस दौरान कारोबार प्रभावित होने से दुकानदारों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की आजीविका पर असर पड़ता है।व्यापारी संगठनों ने प्रधानमंत्री से नुकसान का आकलन कराकर, जहां कानूनी जिम्मेदारी स्थापित हो, वहां आयोजकों से मुआवजे की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।

साथ ही, बाजारों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, एंबुलेंस और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बड़े प्रदर्शनों के आयोजन से पहले बाजार संघों से परामर्श करने की अपील की है। संगठनों ने त्योहारों के सीजन में बाजारों के आसपास व्यापार और जनजीवन प्रभावित करने वाले प्रदर्शनों के प्रभावी नियमन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने की भी मांग की है।

फोटो- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।