मनोरंजन

दिनारा में आज रात 8 बजे से सजेगी जवाबी चौकड़िया और लोकगीतों की महफिल

लेखक: Ranu Parihar अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

दिनारा। श्री श्री 1008 श्री गुप्तेश्वर महादेव के नाम से प्रसिद्ध प्रतिवर्ष रक्षाबंधन पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक दिनारा मेला शुरू हो गया है। मेले में आज 30 सितंबर की रात विशेष आकर्षण के रूप में जवाबी चौकड़िया एवं बुंदेली लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

मेला आयोजक सरपंच प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य दिनारा नीटू दुबे ने बताया कि मेले की शुरुआत विधि-विधान से हो चुकी है। यह मेला क्षेत्र की आस्था और संस्कृति का बड़ा केंद्र है। उन्होंने बताया कि मेले में दिन में दंगल तो रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मेले में सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आनंद लेने की अपील की गई है। पोस्टर का विमोचन करते हुए आयोजक नीटू दुबे ने कहा कि दिनारा मेले को भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं। आज रात इन कलाकारों की रहेगी धूम

मेले के विशेष कार्यक्रम के तहत आज रात 8:00 बजे से 3:00 बजे तक जवाबी चौकड़िया एवं लोकगीतों का आयोजन होगा। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक सुनील बघेल, गायिका ज्योति कुशवाहा, गायिका अनीता दांगी और गायक केशराज चंदेल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। जवाबी चौकड़िया को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है।

मेले परिसर में भगवान गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो गया है। वहीं मेले में लगे झूले, मौत का कुआं, चाट-पकौड़ी और खिलौनों की दुकानें बच्चों व युवाओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद पांच दिवसीय इस विशाल मेले को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है।

दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह कुशवाहा एवं धनरा चौकी प्रभारी अनुराधा सिंह अपने पुलिस बल के साथ मेले में लगातार निगरानी रखेंगे। सुरक्षा के लिहाज से मेले में पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं ताकि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मेला संपन्न हो सके।

R
Ranu Parihar

रानू परिहार शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।