दीप प्रज्ज्वलन और रोशनी के साथ भव्य होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से तैयारियों की समीक्षा की; प्रमुख चौराहों, परियोजना स्थलों, ऐतिहासिक व प्रशासनिक भवनों को रोशनी से सजाने के निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल जिले के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 17 सितम्बर को दीप प्रज्ज्वलन एवं आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया जाए। नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों एवं चौराहों को भी दीयों और रोशनी से सजाया जाए।
प्रभारी मंत्री काश्यप ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर (गुजरात) से आने वाली यात्रा की अगवानी उत्साह और उमंग के साथ की जाए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, सेवा प्रकल्पों एवं नियुक्त नोडल अधिकारियों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काश्यप ने कहा कि भोपाल मेट्रो रेल सहित प्रमुख परियोजना एवं योजना स्थलों के साथ राजभवन, मिंटो हॉल, इंदिरा गांधी विधानसभा भवन, वल्लभ भवन, सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन जैसे ऐतिहासिक और प्रशासनिक भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाए। इसके अतिरिक्त शहर की झीलों और तालाबों के आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिवस 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक देश एवं प्रदेश के साथ भोपाल जिले में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कुल 13 राष्ट्रव्यापी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का संचालन कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित गतिविधियों पर प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी एवं विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा जनपद पंचायतों के अध्यक्षों ने सहभागिता की।