व्यापार

दीपावली पर अग्निकांड से निपटने के लिए कुल्लू अग्निशमन विभाग अलर्ट, ढालपुर में बेतरतीब दुकानें बनीं चुनौती

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दीपावली पर अग्निकांड से निपटने के लिए कुल्लू अग्निशमन विभाग अलर्ट, ढालपुर में बेतरतीब दुकानें बनीं चुनौती

दीपावली पर्व को देखते हुए कुल्लू में अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और अतिरिक्त अग्निशमन वाहन भी तैनात किए गए हैं। हालांकि, ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव के बाद भी जारी व्यापारिक मेले में बेतरतीब तरीके से लगाई गई दुकानें अग्निशमन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन रही हैं।

मैदान में जगह-जगह लगी रेहड़ी-फड़ियों के कारण अग्निशमन वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।अग्निशमन विभाग के अनुसार ढालपुर मैदान के किसी भी स्थान पर आपात स्थिति में एक मिनट के भीतर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन दुकानों के कारण वाहनों का अंदर तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।

कई बार अग्निशमन वाहन को रास्ता देने के लिए कर्मचारियों को खुद ही रास्ता खाली करवाना पड़ता है। ऐसे में दीपावली के दौरान यदि मैदान में आगजनी की घटना होती है तो उस पर समय रहते काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

वहीं, कुल्लू शहर में जल शक्ति विभाग की ओर से सभी अग्निशमन हाइड्रेंट दुरुस्त कर दिए गए हैं, ताकि आग लगने की स्थिति में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। इसके विपरीत भुंतर शहर में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है। यहां पहले लगाए गए सभी नौ हाइड्रेंट पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण बंद पड़े हैं।

अग्निशमन विभाग ने भुंतर में 20 नए हाइड्रेंट लगाने का प्रस्ताव भी दिया है। भुंतर में आगजनी की घटना होने पर कुल्लू से अग्निशमन वाहन भेजना पड़ता है, जबकि दोनों शहरों के बीच करीब 13 किलोमीटर की दूरी है।अग्निशमन विभाग के फायर अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि दीपावली को देखते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और ढालपुर में अतिरिक्त अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं।

उन्होंने भुंतर में हाइड्रेंट बंद होने और ढालपुर मैदान में दुकानों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की बात भी कही। उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान विशेष सावधानी बरतें और पटाखों सहित अन्य ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री उचित दूरी और सुरक्षित स्थानों पर ही करें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।