व्यापार

दीपावली से पहले स्वच्छ और सुंदर बनेंगे शहर, आकर्षक रोशनी से जगमगाएंगे बाजार, मुख्य सचिव ने बैठक में दिए निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दीपावली से पहले स्वच्छ और सुंदर बनेंगे शहर, आकर्षक रोशनी से जगमगाएंगे बाजार, मुख्य सचिव ने बैठक में दिए निर्देश

जयपुर, 10 अक्टूबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में आयोजित सेवा सेतु शिविर का दौरा किया और लाभार्थियों को पट्टे भी वितरित किए। इसके बाद उन्होंने प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना एवं दीपावली से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक ली।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को तकनीक आधारित, प्रभावी एवं समयबद्ध निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता एवं सुधार कार्यों की वास्तविक प्रगति के आकलन के लिए कार्यों से पहले और बाद के दिनांक सहित जियो-टैग किए गए फोटो तथा संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा। कार्ययोजना की उपलब्धियों को पहले 10 दिनों, अगले 30 दिनों, उसके बाद के 30 दिनों तथा अंतिम 30 दिनों के चरणों में दर्ज करने के निर्देश दिए।

संस्था प्रमुखों को पोर्टल पर अपलोड किए गए प्रगति विवरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।

मुख्य सचिव ने दीपावली के मद्देनजर प्रदेश के शहरों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, आकर्षक रोशनी एवं आवश्यक रखरखाव के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी स्वच्छता अभियान की शुरुआत अपने कार्यालय से करें, ताकि स्वच्छता का संदेश व्यवहार में भी दिखाई दे और इसका प्रभाव पूरे शहर में नजर आए।

मुख्य सचिव ने दीपावली के अवसर पर बाजारों एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आकर्षक रोशनी और सजावट को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी, स्वच्छता, सजावट एवं अन्य उत्कृष्ट व्यवस्थाएं करने वाले व्यापार मंडलों को पुरस्कृत करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इससे बाजारों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और शहरों का उत्सवी स्वरूप और अधिक आकर्षक बनेगा।

मुख्य सचिव ने अन्नपूर्णा रसोइयों का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां की व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर रसोइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्य सचिव ने दीपावली से पूर्व अग्निशमन प्रणालियों एवं उपकरणों का आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।

बैठक में जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन एवं स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन ने 100 दिवसीय कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, सचिव, स्वायत्त शासन विभाग के शासन ​सचिव रवि जैन, जयपुर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, सचिव, जयपुर विकास प्राधिकरण डॉ. गौरव सैनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी नगरीय निकायों एवं नगर विकास न्यासों (यूआईटी) के आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।