डिप्टी रेंजरों ने पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →भोपाल। वन विभाग के उप वन क्षेत्रपाल (डिप्टी रेंजर) से रेंजर पद पर पदोन्नति के आदेश जारी करने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश वन कर्मचारी मंच के नेतृत्व में डिप्टी रेंजरों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम मुख्यमंत्री सचिव पी. सुदामा खाड़े को मंत्रालय में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव वन को भी ज्ञापन देकर पदोन्नति संबंधी आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल को अधिकारियों की ओर से मांग का एक सप्ताह में निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में मध्यप्रदेश वन कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडेय, कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष शर्मा, रेंजर हरि सिंह गुर्जर, लव प्रकाश पाराशर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडेय के अनुसार, डिप्टी रेंजरों को रेंजर पद पर पदोन्नति देने के संबंध में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हो चुकी है। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्वीकृति के लिए फाइल करीब एक माह से मुख्यमंत्री कार्यालय में लंबित है। स्वीकृति नहीं मिलने के कारण पदोन्नति आदेश जारी नहीं हो पा रहे हैं।
पांडेय ने कहा कि जुलाई और अगस्त में कई डिप्टी रेंजर बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो गए, जिससे उन्हें पदोन्नति के साथ मिलने वाले पद और वेतनमान का लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से पूर्व में पदोन्नति को लेकर घोषणाएं की गई हैं, इसके बावजूद डिप्टी रेंजरों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।
मंच ने यह भी कहा कि सितंबर में दूसरी डीपीसी की बैठक का समय आ चुका है। ऐसे में पहली डीपीसी में शामिल डिप्टी रेंजरों की पदोन्नति के आदेश शीघ्र जारी किए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुए तो वन कर्मचारी मंच आगे की रणनीति तय करेगा।